उन्नाव। जिले के चार लोगों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। आंखों में दिक्कत होने पर सभी ने लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में जांच कराई। पुष्टि होने पर सभी को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
बीघापुर के रुझई निवासी हलीम (55), सिविल लाइन के रामशंकर (67), छोटा चौराहा के शुभम श्रीवास्तव (34) व कल्याणी मोहल्ले के शिवराम (65) को कुछ दिन पहले बुखार आया। बाद में सिर दर्द होने के साथ आंखों के नीचे काले धब्बे पड़ गए। आंखों में दिक्कत और बढ़ने लगी। चारों ने निजी अस्पतालों में अपना इलाज कराया। बाद में डॉक्टरों ने ब्लैक फंगस की संभावना जताई और सभी को लखनऊ के केजीएमयू भेजकर जांच कराने को कहा। जांच के दौरान चारों मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय आने के बाद अब इन मरीजों घरों में स्वास्थ्य टीम भेजकर परिवार के अन्य सदस्यों की जांच कराने की बात अधिकारी कह रहे हैं। कोरोना के बाद अब ब्लैक फंगस के मरीज मिलने से लोगों में दहशत में हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि चारों मरीजों का लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
-