उन्नाव। कोरोना से जिले में 37 लोग संक्रमित मिले हैं। आरटीपीसीआर जांच में 34 व अन्य लैब से जांच कराने वालों में तीन लोग शामिल हैं। एंटीजन जांच में कोई संक्रमित नहीं मिला।
आरटीपीसीआर जांच सैंपल की आई रिपोर्ट में सिकंदरपुर कर्ण में 10, सुमेरपुर में छह, सिकंदरपुर सरोसी में 12, हिलौली में एक, पुरवा में तीन, बिछिया में एक, शहर में आरटीपीसीआर से एक व अन्य लैब से जांच कराने वालों में तीन लोग शामिल हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि 71 मरीजों की हालत में सुधार हुआ है। इनमें होम आइसोलेशन के 70 व कोविड अस्पताल का एक मरीज शामिल है।
सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के गांव बेथर निवासी राजरानी (68) पत्नी नन्हकू का ऑक्सीजन स्तर कम होने पर परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जिले के 32 बूथों पर हुए टीकाकरण में गुरुवार को 613 लोगों ने टीका लगवाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि सबसे अधिक टीकाकरण अरबन सेंटर पर 146, शुक्लागंज में 120 व सिकंदरपुर सरोसी में 65 लोगों ने कराया।
-
गांवों में आज से लगेंगे टीके
शुक्रवार से गांवों में टीकाकरण की शुरुआत होगी। पहले चरण में हर ब्लॉक के 10-10 गांवों के ग्रामीणों को शामिल किया गया है। इसमें 48 स्वास्थ्य टीमें लगाई गई है। टीकाकरण प्रभारी एसीएमओ डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि 21, 22 और 24 मई को अभियान चलना है। 21 मई को पहले चरण में जिले के 16 ब्लॉकों की 10-10 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है। गांवों में 45 साल से अधिक लोगाें का टीकाकरण किया जाएगा। ग्रामीणों का तत्काल पंजीकरण के साथ ही टीकाकरण होगा।