उन्नाव। सामूहिक रूप से प्रभारी पद से दिए इस्तीफे जिले के 14 सीएचसी प्रभारियों ने वापस ले लिए हैं। असोहा व फतेहपुर चौरासी सीएचसी प्रभारियों को उनके पद पर दोबारा तैनात किए जाने पर यह फैसला लिया गया।
असोहा व फतेहपुर चौरासी सीएचसी प्रभारियों को बिना आरोपपत्र के हटाकर कोविड कंट्रोल रूम में संबद्ध करने, प्रशासनिक अधिकारियों के दंडात्मक आदेश, अमर्यादित व्यवहार और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों के असहयोगात्मक रवैये से नाराज होकर बुधवार को 14 स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों ने सीएमओ को सामूहिक रूप से प्रभारी पद से इस्तीफे दिए थे। गुरुवार को सीएचसी प्रभारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था। दोपहर 12 बजे सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार के साथ बैठक के बाद में डीएम रवींद्र कुमार के साथ वार्ता हुई। डीएम ने कोविड कंट्रोल रूम में तैनात किए गए असोहा और फतेहपुर चौरासी के सीएचसी प्रभारी को पुन: सीएचसी की जिम्मेदारी दे दी। इसके बाद इस्तीफे वापस ले लिए गए। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि डीएम से वार्ता के बाद सभी सीएचसी प्रभारी वापस काम पर लौट आए हैं। कंट्रोल रूम में लगाए गए दो प्रभारियों को उनके मूल पद पर वापस भेज दिया गया है।