उन्नाव। कोरोना कर्फ्यू के दौरान गली-मोहल्लों में खुल रही दुकानों और सड़कों पर चहल-पहल जारी है। गुरुवार सुबह शहर में मुख्य बाजारों के अलावा कहीं भी कर्फ्यू जैसा कुछ नहीं नजर आया। दोपहर को जायजा निकले डीएम और एसपी ने इस पर नाराजगी जताई और जिम्मेदारों की क्लास ली। हरकत में आई पुलिस ने बेवजह घर से निकले लोगों पर कार्रवाई करते हुए 121 वाहनों का चालान किया। शहर में सवारियां लेकर जा रहे 36 ई रिक्शा सीज कर दिए।
मुख्य बाजार और सब्जी मंडी तो गुरुवार को भी बंद रहे, लेकिन धवन रोड, स्टेशन रोड, कसाई चौराहा, लोकनगर मार्ग, तालिब सराय मार्ग में दुकानदार चोरी छिपे दुकानें खोलकर बिक्री करते रहे। कई दुकानों में ग्राहकों को अंदर कर शटर गिराकर बिक्री करते रहे। दो पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी खूब रही। ई रिक्शा चालक आठ-दस सवारियां बैठाए नजर आए। दोपहर 12 बजे डीएम रवींद्र कुमार और एसपी आनंद कुलकर्णी भ्रमण पर निकले। सड़कों पर भीड़ और गली मोहल्लों में दुकानें खुली और उनमें भीड़ देख नाराजगी जताई। छोटा चौराहा पर डीएम और एसपी ने खुद वाहन सवारों को रोककर घर से बाहर निकलने का कारण जानने लगे। किसी ने खुद को बैंका का कर्मचारी बताया तो किसी ने दवा लेने के लिए मेडिकल स्टोर जाने की बात बताई। दोनों अधिकारियों ने वाहन सवारों को हिदायत दी कि जब तक बहुत जरूरी न हो घर से न निकले। डीएम ने सदर कोतवाली प्रभारी को कर्फ्यू को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए हैं।