उन्नाव। नवाबगंज के सरस्वती मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को सात कोविड मरीजों की मौत हो गई। जांच में 297 नए लोग संक्रमित निकले हैं। इसमें गंजमुरादाबाद, असोहा और हसनगंज अस्पताल के 19 स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं।
संतोषीखेड़ा निवासी संतोष कुमार (65), लखनऊ के राजाजीपुरम निवासी अखिलेश कुमार (55), नवाबगंज कस्बा निवासी रूपरानी (55), महमूदपुर निवासी महेशचंद्र (63), अचलगंज निवासी बिंदाचरण (69), अटेसुआ निवासी आशा देवी (61) और बीघापुर निवासी अमित सिंह (40) की गुरुवार को कोविड अस्पताल में मौत हो गई। सीएमओ डॉ. आशुतोष ने बताया कि गुरुवार को जिले में 2285 लोगों ने एंटीजन जांच कराई। इसमें 38 लोग संक्रमित मिले। आरटीपीसीआर जांच में 259 लोग संक्रमित पाए गए। सिकंदरपुर करण में नौ, नवाबगंज में एक, पुरवा में तीन, सफीपुर में 25, मियागंज में 23, असोहा में पांच, सरोसी में पांच और बीघापुर में एक संक्रमित मिला है। औरास में 12, सुमेरपुर में चार, हिलौली में चार, हसनगंज में 20, बांगरमऊ में 17, बिछिया में 15, फतेहपुर चौरासी में आठ, गंजमुरादाबाद में नौ, शहर में 40 और शुक्लागंज में 92 लोग संक्रमित मिले। जिले में कोरोना के 2900 सक्रिय केस हैं।