उन्नाव। कोरोना से वृद्धा की मौत हो गई। 40 घंटे में मृतका के परिवार के आठ सदस्य सहित 27 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें रेलवे स्टेशन पर हुई जांच में महाराष्ट्र से लौटे 11 लोग भी शामिल हैं।
नवाबगंज ब्लॉक के गांव आशाखेड़ा निवासी (62) वर्षीय वृद्धा 22 मार्च को रैंडम जांच में संक्रमित मिली थी। अस्पताल में भर्ती होने के बजाय वह लखनऊ निवासी बेटी के घर चली गई थी। हालत बिगड़ने पर दो दिन पहले परिजनों ने सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। रविवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में मृतका के घर के आठ सदस्य संक्रमित मिले हैं। सोमवार को हुई एंटीजन जांच में नवाबगंज के दो, हसनगंज में एक, पुरवा के दो, मियागंज के दो, असोहा का एक व शुक्लागंज का एक युवक संक्रमित मिला। मंगलवार को हुई जांच में नवाबगंज कस्बे का एक, सुमेरपुर के तीन, हिलौली के एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार, आदर्श नगर व शुक्लागंज में एक-एक युवक कोरोना संक्रमित मिला हैं। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।