उन्नाव। जिले में दो दिन के अंदर कोरोना के 32 मरीज मिले। 17 लोगों को स्वस्थ होने पर घर भेजा गया है। सीएमओ ने अपील की है कि संक्रमित व्यक्ति लापरवाही न बरतें। उनकी वजह से ही संक्रमण फैल रहा है। होम आइसोलेट मरीज परिजनों से दूरी बनाकर रखें। कहीं भी जाएं दो गज की दूरी अवश्य बनाएं।
जिले में रविवार को हुई जांच में सिकंदरपुर सरोसी में 35 साल का युवक, हिलौली में 25 व 45 साल के दो युवक, नवाबगंज में चार, मियागंज में 22 साल का युवक, बीघापुर में 24 साल का युवक कोरोना संक्रमित निकला है। इंद्रानगर में 23 साल का युवक, शुक्लागंज के तीन लोगों की रिपोर्ट संक्रमित आई है। सोमवार को हुई जांच में शहर के छह, गंजमुरादाबाद में 26 साल का युवक व हिलौली में 32 साल का युवक कोरोना संक्रमित मिला है। सोमवार को देर शाम आई रिपोर्ट में 11 और लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि हुई।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि संक्रमितों में 15 को होम आइसोलेट किया गया है। छह लोगों को बिछिया व श्रीराममूर्ति कोविड एलवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक 3353 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें स्वस्थ होने पर 2945 मरीजों को घर भेजा जा चुका है। 334 का इलाज चल रहा है। जिले में कोरोना से 74 लोगों की मौत हो चुकी है।