शुक्रवार की रात करीब 12 बजे बछरावां की रिलायंस सीमेंट फैक्ट्री का ट्रक सीमेंट की बोरियां लादकर फर्रुखाबाद जा रहा था। मौरावां-हिलौली रोड पर दुंदपुर नहर पुल के पास दूसरे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान सीमेंट लदा ट्रक रेलिंग तोड़ता हुआ नहर में लटक गया। गनीमत यह रही कि ट्रक नहर में पलटा नहीं वरना स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। क्लीनर पप्पू पुत्र जगदीश ने बताया कि पुल संकरा होने के कारण एक-दूसरे वाहन को बचाने में यह घटना घटी। स्थानीय लोगों की मानें तो जबसे सड़क चौड़ी की गई है, यहां से ट्रकों का रेला गुजरता है। वहीं नहर का पुल अभी पुरानी ही स्थिति में है जिससे पुल पर से वाहनों के आमने-सामने से निकलने में परेशानी होती है। इस समस्या का समाधान तब तक नहीं होगा जब तक सड़क की चौड़ाई के अनुसार नहर पुल का निर्माण नहीं होता है। शनिवार दोपहर तक जाम खुलवाने के सारे प्रयास विफ ल रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि कोई भी जिम्मेदार समस्या के समाधान के लिए शाम तक झांकने नहीं आया। पप्पू ने बताया कि चालक कमलेश क्रेन लेने उन्नाव गए हैं। शाम पांच बजे तक ट्रकों का आवागमन शुरू नहीं किया जा सका।