उन्नाव सोनिक रेलवे स्टेशन के बीच दो घंटे का ब्लाक लेकर जर्जर रेल पटरियों को मजबूती दी गई। इस दौरान ट्रैक किनारे गिट्टी पैकिंग समेत अन्य मेंटीनेंस कार्य हुए। ब्लाक से बरौनी ग्वालियर एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस समेत आधा दर्जन ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे के बीच डाउन व अप ट्रैक पर ब्लाक लेकर रेलपथ विभाग ने ट्रैक मेंटीनेंस का कार्य किया।
दो घंटे चले मरम्मतीकरण कार्य में जर्जर पटरियों को बदलने के साथ ही गिट्टी पैकिंग की गई। इसके अलावा टूटे नट बोल्ट, पेंड्राल क्लिपें व टूटी फिश प्लेटों को बदला गया। ब्लाक के चलते राप्तीसागर एक्सप्रेस, बरौनी ग्वालियर, नीलांचल एक्सप्रेस, लखनऊ-कानपुर मेमू के अलावा तीन मालगाड़ी प्रभावित रहीं। ट्रेनों की लेट लतीफी से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।