उन्नाव। भारत विकास परिषद चंद्रशेखर आजाद शाखा की ओर से स्काउट गाइड भवन में ‘गुरु वंदन, छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि निर्माणों के पावन युग में हम चरित्र निर्माण न भूलें। स्वार्थ साधना की आंधी में वसुधा का कल्याण न भूलें। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से किया जा रहा यह कार्य सराहनीय है।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. प्रभात सिन्हा ने बताया कि नई पीढ़ी को अपने मार्ग दर्शकों से से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़कर राष्ट्र हित मे हर संभव प्रयास करना चाहिए। कार्यक्रम प्रभारी संजीव कुमार श्रीवास्तव ने गुरु वंदन और छात्र अभिनंदन आज के युग में आवश्यकता बताई। संरक्षक डॉ. मनोज श्रीवास्तव ने बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए सम्मानित किया।
संस्था के संस्थापक जीएस भदौरिया ने कोरोना काल में भी सराहनीय प्रयासों की प्रशंसा की। यहां यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश में चौथा स्थान लाने वाले वैभव द्विवेदी व प्रदेश में 10 वां स्थान लाने वाली छात्रा रिद्धिमा को स्काउट गाइड की जिला प्रभारी सोनू सिंह ने सम्मानित किया। सीबीएसई इंटरमीडिएट में जिले में सर्वाधिक अंक लाने वाली मानसी सिंह को श्रद्धा बाजपेयी ने सम्मानित किया। छात्र अथर्व दुबे, मानस श्रीवास्तव, ईशान बाजपेयी, रागिनी शर्मा, मुस्कान वर्मा, अर्पित पटेल व आशुतोष पांडेय को भी सम्मानित किया गया।
आदर्श शिक्षकों के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक शिवबालक राम सरोज, सुमेरपुर ब्लॉक से आशीष कुमार दीक्षित, मियागंज के डॉ. आशुतोष त्रिपाठी, सिकंदरपुर सरोसी की शिक्षिका प्रीति मिश्रा, व प्रवीन शर्मा, हिलौली के हेमंत सोनी, बिछिया के वैभव सैनी को सम्मानित किया गया। वहीं, समाज सेवक विमल द्विवेदी को सुपर कोरोना योद्धा के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विश्वनाथ तिवारी ने किया। इस अवसर पर संस्था की ओर से अजीत पाल सिंह, राकेश द्विवेदी, संरक्षक डॉ. मनोज श्रीवास्तव, आनंद निगम, अंकित रघुवंशी, अजय श्रीवास्तव भी शामिल रहे।