पुलिस ने लाठियां पटक कर जाम लगाए लोगों को खदेड़ लिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज गया। बम निरोधक दस्ता प्रभारी ने सरकारी वाहन में तोड़फोड़ का मुकदमा थाने में दर्ज कराया है। पुलिस ने सात बारातियों को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
सोहरामऊ कसबा निवासी बाबूलाल कहार ने बेटी का विवाह लखनऊ के काकोरी थानाक्षेत्र के मोहल्ला वलीनगर निवासी अजय पुत्र कल्लू के साथ तय की थी। रविवार को बारात दरवाजे आई। अगवानी, जयमाल व खाना-पीना होने के बाद रात लगभग ग्यारह बजे बाराती घर जाने लगे। बारातियों के वाहन हाईवे किनारे खड़े होने से दूल्हा अजय का भतीजा विनोद (32) पुत्र स्व. नन्हा हाईवे पार करने लगा। तभी लखनऊ से कानपुर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने उसे टक्कर मार दी। विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर बराती व जनाती मौके पर पहुंच गए और 108 व 100 नंबर पर फोन मिलाया। लगभग घंटे भर तक पुलिस व एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। तब तक विनोद ने दम तोड़ दिया। घटना से गुस्साए लोगों ने हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान वाहनों की लंबी-लंबी कतारे दोनों ओर लग गईं। पुलिस के न आने से नाराज बारातियों ने वाहनों में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। बसों के सीसे टूटने के साथ की कई छोटे वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की रैली से लौट रहे बम डिस्पोजल टीम के वाहन के भी सीसे टूट गए। बम डिस्पोजल प्रभारी लीलाधर आर्या ने घटना की सूचना पुलिस को दी। एसओ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जाम लगाए लोगों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। लाठी चार्ज देख कई बराती जनाती मौके से खिसक लिए। बम डिस्पोजल प्रभारी ने मनोज, अनिल पुत्र रामचंद्र, सरवन पुत्र पप्पू, आलोक पुत्र मुन्नीलाल, रूपलाल पुत्र रामप्रसाद, जयचंद्र पुत्र सुखदेव, कपूर पुत्र भइयालाल पर राजमार्ग जाम करने व सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जाम के चलते एंबुलेंस को पहुंचने में लगा वक्त
सोहरामऊ एसओ अमित तोमर ने बताया कि चुनाव के चलते हाईवे पर जाम लगा था। वहीं रूट डायवर्जन होने से पुलिस व एंबुलेंस को पहुंचने में थोड़ा समय लग गया। बारातियों ने वाहन में तोड़फोड़ किया। इतना ही नहीं बम निरोधक दस्ते का वाहन भी तोड़ दिया। बम निरोधक दस्ता प्रभारी की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। छह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
सीएम की रैली के लिए सुल्तानपुर जा रहा था दस्ता
बम निरोधक दस्ता बरेली में प्रभारी के पद पर तैनात लीलाधर आर्य ने शिकायती पत्र में बताया कि बम निरोधक दस्ते की टीम जालौन जिले के माधवगढ़ से राहुल गांधी की चुनावी जनसभा से लौटकर सोमवार को सुल्तानपुर में सीएम अखिलेश यादव की चुनावी जनसभा में शामिल होने जा रहे थे। रविवार रात लगभग 11 बजे राजमार्ग पर जाम लगा था तभी वाहन पर अचानक हमला हो गया।
मजदूरी करके चलाता था परिवार
सोहरामऊ। रविवार देर रात सड़क हादसे में जान गवाने वाला विनोद मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो हादसे के वक्त विनोद ने जमकर शराब पी रखी थी। सड़क पार करते समय वह लड़खड़ा रहा था। सड़क के दूसरी ओर कार खड़ी होने से वह राजमार्ग पार कर रहा था। विनोद के मौत की सूचना पत्नी सुशीला बदहवाश हो गई। विनोद के मामा रामकुमार ने बताया कि विनोद के दो लड़के व दो लड़कियां हैं।
मातम में बदलीं खुशियां
सोहरामऊ। जिस घर में बारात आने का जश्न मनाया जा रहा था। मंगलगीत गाए जा रहे थे वहां एक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। बराती व जनाती सारे कार्यक्रम छोड़ घटना स्थल पर पहुंच गए। सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। हाइवे पर उपद्रव के दौरान घर पर कोई भी रस्म नहीं निभाई गई। घटना स्थल से शव हटने के बाद वैवाहिक कार्यक्रम औपचारिकताओं में निपटाए गए और सुबह होने से पहले ही बारात भी विदा कर दी गई।