पुरवा। नगर के मोहल्ला कटरा (मुंशफी) में निर्माणाधीन मकान में तराई के लिए सबमर्सिबल पंप चलाते समय किराना व्यवसायी को करंट लग गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने सीएचसी पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला कटरा (मुंशफी) निवासी संजय गुप्ता (42) मोहल्ले में ही किराना दुकान किए थे। पड़ोस में ही वह अपना नया मकान बनवा रहे थे। सोमवार दोपहर मकान में तराई करने के लिए जैसे ही उन्होंने सबमर्सिबल पंप का प्लग लगाया, तार कटा होने से करंट की चपेट में आ गए। पास में ही खेल रहे बच्चों ने देखा तो घर वालों को जानकारी दी।
परिजन और पड़ोस के लोग भागकर पहुंचे और आनन-फानन स्विच बंद करके उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।