बेहटामुजावर। गंगा और लखनऊ आगरा एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन इंटरचेंज के पास क्रेन का जैक खराब होने से गर्डर नहीं रखे जा सके।
बांगरमऊ के शादीपुर और गौरियाकला गांव के बीच आगरा लखनऊ व गंगा एक्सप्रेसवे एक दूसरे को क्रॉस कर रहे हैं। यहां पर वाहनों के लिए इंटरचेंज (उतरने चढ़ने का स्थान) बनाया जा रहा रहा है। इसके लिए शादीपुर गांव के सामने लखनऊ से आगरा जाने वाली लेन बंद करके दो माह के लिए ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
यह डायवर्जन नौ जून से 9 अगस्त तक लागू रहेगा। बुधवार सुबह एक गर्डर एक्सप्रेसवे पर पहुंचाया गया। अंडरपास पर रखने के लिए लगी दो क्रेनों के जरिये जैसे ही गर्डर उठाने का काम शुरू हुआ। तभी अचानक एक क्रेन का हाइड्रोलिक जैक खराब हो गया। दूसरा जैक लगाया गया, लेकिन वह काम नहीं किया। गुरुवार तक क्रेन ठीक होने जाने के बाद गर्डर रखने का कार्य किया जाएगा। वहीं, गूगल मैप पर अभी भी डायवर्जन का कोई संकेत नहीं दिख रहा है। लाल संकेत के बजाए पूरी लेन नीली यानी सुरक्षित दिखा रहा है। लखनऊ से आगरा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन प्वाइंट से पहले संकेतांक और रिफ्लेक्टर स्टिकर लगाए गए हैं।