बीघापुर। पाटन स्थित महात्मा गांधी इंटर कालेज में विकलांगों को नि:शुल्क उपकरण वितरित किए गए। यहां पर सांसद हरि साक्षी महाराज ने कहा कि प्रदेश में जनहितकारी योजनाओं में अव्यवस्था फैलाने का काम प्रदेश की सपा सरकार कर रही है। पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि म्यांमार में घुसकर आतंकियों को मार सकते हैं तो पाकिस्तान में घुसकर भी मार सकते हैं।
समारोह को पूर्व विधायक कृपा शंकर सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान कार्यक्रम में सामाजिक एवं न्याय मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश चन्द्र लोधी मौजूद रहे। यहां पर 88 ट्राई साइकिल, 16 व्हीलचेयर, 74 बैसाखी आदि उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से कुंवर अजय सिंह, राकेश बाजपेयी, कृष्णा देवी, शत्रुघ्न सिंह, संदीप शुक्ला व सांसद प्रतिनिधि विनोद लोधी मौजूद रहे।
बछौरा प्रतिनिधि के अनुसार, भाजपा सांसद ने स्थानीय केएनपीएन इंटर कालेज में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के सहयोग से लगाए गए विकलांग सहायता शिविर में केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। यहां पर भाजपा सांसद ने कहा कि जिले में एक भी बूचड़खाना चलने नहीं दिया जाएगा।
सहायता शिविर में 114 विकलांगों को ट्राई साइकिल व 16 विकलांगों को छोटी ट्राई साइकिलें भेंट की गईं। इसके अलावा 15 विकलांगों को व्हील चेयर, 44 को बैसाखी, 3 विकलांगों को स्टिक और 3 को ब्लाइंड स्टिक बांटी। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि व पुरवा विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी अमरनाथ लोधी, अजय सिंह, भूपेश कुमार, बाल शंकर त्रिपाठी, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र लोधी, आदि मौजूद रहे।