इटावा। जिले में गुरुवार को अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होने के बावजूद उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। दिनभर आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही के कारण तेज धूप का असर पिछले दिनों की तुलना में कुछ कम रहा, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने से लोग पसीने और चिपचिपाहट से परेशान रहे।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। तापमान में कमी आने से भीषण गर्मी से आंशिक राहत तो मिली, लेकिन हवा में नमी के कारण लोगों को अपेक्षित सुकून नहीं मिल पाया। दोपहर के समय उमस का असर अधिक देखने को मिला और घरों के भीतर भी लोग बेचैनी महसूस करते रहे। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडे ने बताया कि शुक्रवार को मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। जिले के तापमान में हल्की गिरावट के साथ स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक का मानना है कि बादलों की सक्रियता बढ़ने और छिटपुट बारिश होने से आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, उमस का असर अभी पूरी तरह खत्म होने की संभावना नहीं है।