शहर के जीआईसी मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण करते डीआईओएस राकेश कुमार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। यूपी बोर्ड परीक्षाओं की शेष बची उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य मंगलवार से पांच मूल्यांकन केंद्रों पर शुरू होगा। मूल्यांकन को लेकर डीआईओएस ने जीजीआईसी परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया और व्यवस्थाएं देखीं।
शहर में बनाए गए मूल्यांकन केंद्रों में जीआईसी, जीजीआईसी, डॉ. जीनाथजी दयाल बालिका इंटर कॉलेज, राजा शंकर सहाय इंटर कॉलेज व अटल बिहारी इंटर कॉलेज में मंगलवार से मूल्यांकन कार्य शुरू हो रहा है। सोमवार को डीआईओएस राकेश कुमार ने जीआईसी मूल्यांकन केंद्र पहुंचकर व्यवस्था देखीं। प्रधानाचार्य दिलीप भदौरिया को निर्देश दिए कि मूल्यांकन से पहले शिक्षकों के हाथों को सैनिटाइज करवाए जाएं और सामाजिक दूरी बनाते हुए मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाए।
बता दें कि यूपी बोर्ड से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की 3,26,049 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए जिले को आवंटित की गई थीं। पहले 17 मार्च तक चले मूल्यांकन कार्य में 32,798 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य हुआ था। शेष उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पहले 5 मई से शुरू होना था लेकिन बाद में केवल ग्रीन जोन जिले में ही कॉपियों की जांच के आदेश जारी किए गए थे। लॉकडाउन के चलते आरेंज जोन के जिलों में इसे रोक दिया गया था। अब शासन ने आरेंज जोन जनपदों में भी कॉपियों को 12 मई से जांचने के आदेश दिए हैं।