सफीपुर। आसीवन थानाक्षेत्र में मारपीट की घटनाओं में चार युवक घायल हो गए। पुलिस ने परिजनों की मदद से उन्हें मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया। दो की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव गौसपुर नटर्रा निवासी सर्वेश (25) की बाइक में गांव के पुतान के घर आए रिश्तेदार थानाक्षेत्र के गांव जखैला निवासी राजू ने टक्कर मार दी। इससे सर्वेश को चोट आई। वह शिकायत करने गया तो पुतान ने साथियों के साथ मिलकर सर्वेश को जमकर पीटा। घायल सर्वेश को मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया गया।
दूसरी घटना में बरौंकी गांव में मुंडन कार्यक्रम में शामिल होने थानाक्षेत्र के गांव कुल्हा निवासी कुलदीप (18), माखी के पावा गांव निवासी अनमोल (18) और सुभाष (19) शामिल होने आए थे। वहां खाना बना रहा शिवपाल नशे की हालत में गाली देने लगा। विरोध करने पर हुए विवाद के बाद गांव निवासी शिवपाल ने तीनों को पीट दिया। इससे तीनों घायल हो गए। परिजनों ने मियागंज सीएचसी में भर्ती कराया है। सर्वेश और अनमोल की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर किया गया। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
बाग में बनाई जा रही थी अवैध शराब पकड़ी
सफीपुर। जिला आबकारी अधिकारी रविशंकर के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक पीपी टंडन ने क्षेत्र के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इसमें क्षेत्र के रामपुर गांव के एक बाग से 65 लीटर शराब बरामद की। वहीं दो क्विंटल लहन नष्ट किया गया।आबकारी निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। (संवाद)