माखी थानाक्षेत्र के कस्बा चकलवंशी में मंगलवार रात चोरों ने अप्रवासी भारतीय के बंद घर को निशाना बनाया। चोर जेवर व नगदी समेत चार लाख रुपये कीमत का सामान समेट ले गए। परिवार बुधवार सुबह घर पहुंचा तो घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने जांच के बाद जल्द खुलासा करने की बात कही। खाली बक्से घर से सौ मीटर दूर खेत में मिले।
कस्बा निवासी श्रीकृष्ण रावत ओमान देश में आठ साल से कपड़े की सिलाई का काम करता है। वह एक साल पहले घर आया था। इसके बाद ओमान चला गया। यहां घर में उसकी पत्नी रूपरानी और बेटा अरविंद व बहू संगीता रहती है। मंगलवार रात अरविंद पत्नी व मां के साथ सदर कोतवाली के पहलीखेड़ा गांव निवासी रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने गया था। घर में ताला बंद था।
घर सूना देख चोर दीवार फांदकर भीतर पहुंचे और आंगन में लगी लोहे की खिड़की काटकर अलमारी व बक्से में रखे जेवर व नगदी पार कर दी। पुलिस को दी गई तहरीर में अरविंद ने 1.40 लाख रुपये और पत्नी व मां के ढाई लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवर व कुछ कीमती बर्तन चोरी होने की बात लिखी है। अरविंद ने बुधवार सुबह जब वह घर पहुंचा तो सामान बिखरा मिला। घर से कुछ दूर एक खेत में खाली बक्से मिले। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। देर शाम डाग स्क्वॉड भी पहुंचा। स्निफर डॉग घर से 100 मीटर दूर खेत की ओर जाने के बाद लौट आया। थानाध्यक्ष नारदमुनि ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।