फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल बंदियों की सांसों में ‘जहर’ घोल रही दुर्गंध

विज्ञापन
जेल के पीछे चांदमारी के पास उन्नाव-हरदोई मार्ग पर नगरपालिका द्वारा सड़क किनारे जमा किया गया कचरा? - फोटो : UNNAO
विज्ञापन
उन्नाव। जिला कारागार के पीछे हरदोई बाईपास मार्ग पर नगर पालिका द्वारा फेंका जा रहा शहर का कूड़ा-कचरा जेल बंदियों व कैदियों को बीमार कर रहा है। जेल की दीवार से बमुश्किल सौ मीटर की दूरी पर रोज डंप किया जा रहा कई टन कचरा व मृत मवेशियों की सड़ांध व धुएं से बंदी सांस की तकलीफ और संक्रामक रोगों की चपेट में आ रहे हैं। मौजूदा समय में जेल अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 250 मरीज पहुंच रहे हैं।
विज्ञापन

शहर में प्रतिदिन 40 से 50 टन कूड़ा रोजाना निकलता है। नगर पालिका इस कूड़े को ट्रॉलियों और डंपरों के जरिए उन्नाव-हरदोई बाइपास मार्ग पर जिला जेल के पीछे अनुपयोगी पड़ी पुलिस विभाग की चांदमारी मैदान में फेंकवा रहा है। रोज भारी मात्रा में फेंके जा रहे कूड़े के करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं। नगर पालिका कर्मी कूड़े के ढेरों को कम करने के लिए जलाते भी हैं। नगर पालिका के इस अवैध कूड़ा डंपिंग स्थल से जिला जेल की दूरी बमुश्किल 100 मीटर है। दिन-रात हवा में घुली सड़ांध और पॉलिथीन, प्लास्टिक वेस्ट का धुआं, जेल के बंदियों को सांस लेना दुश्वार किए है। मौजूदा समय में जेल में बंदियों और कैदियों की संख्या 1210 है। इनमें 62 महिला व उनके 8 बच्चे भी हैं। हवा में घुला संक्रमण, बंदियों की सांसों के जरिए उन्हें बीमार कर रहा है।
कूड़े की दुर्गंध व धुएं से बंदियों को हो रही परेशानी को लेकर जेल अधीक्षक एके सिंह ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पिछले छह महीने में चार बार पत्राचार किया। नगर पालिका ईओ को दिए गए पत्र में उन्होंने लिखा कि जेल के पीछे हरदोई मार्ग पर डाले जाने वाले कूड़े की दुर्गंध अधिक होने से कारागार में निरुद्ध बंदियों व आवासीय परिसर में रह रहे कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। जिसके कारण संक्रामक बीमारी फैलने का भी अंदेशा है। उन्होंने लिखा है कि प्राथमिकता के आधार पर कारागार के पीछे से कूड़े को हटवाने तथा कूड़ा न डालने के लिए यथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करें।
विज्ञापन

ईओ आरपी श्रीवास्तव ने माना कि नगर पालिका के पास आजतक कूड़ा डंपिंग ग्राउंड न हो होने से कूड़ा निस्तारण की समस्या आ रही है। बताया कि काफी तलाश के बाद शहर के बाहर हुसैन नगर गांव के पास साढ़े छह बीघा जमीन मिली है। बताया कि जल्द ही निर्माण कराकर समस्या को हल किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष ऊषा कटियार ने बताया कि कूड़ा डंपिंग ग्राउंड व उसके निस्तारण की व्यवस्था न होने से उन्नाव शहर से निकलने वाला कूड़ा नगर पालिका कर्मी लखनऊ-कानपुर हाईवे, हरदोई रोड सहित अन्य मार्गों व खाली प्लॉटों में फेंकते हैं। माना कि यह बड़ी समस्या है। उन्होंने बताया कि हुसैन नगर में अत्याधुनिक कूड़ा डंपिंग सेंटर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें