बाराबंकी के लोनीकटरा थाना क्षेत्र के सरायं पांडेय गांव में नकब लगाकर हुई चोरी के बाद गांव के किनारे पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
थानाक्षेत्र के महरानीखेड़ा गांव में पूर्व प्रधान के घर से चोर लाखों का माल समेट ले गए। घटना के समय पूरा परिवार बरामदे में सो रहा था। सुबह जब घरवाले उठे तो घटना की जानकारी हुई। बक्सों की तलाश की, तो एक बक्सा छत पर दूसरा गांव के बाहर खेतों में पड़ा मिला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
महरानीखेड़ा गांव निवासी पूर्व प्रधान मुन्नर प्रसाद पुत्र गंगादीन के घर में शनिवार की रात चोर पीछे की दीवार से छत पर पहुंचे। जीने का दरवाजा खुला होने से चोर घर के अंदर दाखिल हो गए। जिस कमरे में बक्से रखे थे, चोरों ने उसी को खोला और बक्से उठा ले गए। घटना की भनक घर वालों को नहीं लगी।
चोरों ने एक बक्से को छत पर ही खोला और उसमें रखी सोने की झुमकी, बाला, मंगलसूत्र, तोड़िया सहित लगभग दो लाख रुपये के जेवरात उठा ले गए। एक बक्से को घर से करीब एक किलोमीटर दूर दूसरे गांव कुशलखेड़ा में गोवर्धन के खेत में खोला। उस बक्से में कपड़े रखे थे। कपड़े निकालकर बक्सा उसी खेत में फेंक कर चले गए।
सुबह जब घर के सदस्य उठे और अंदर जाकर देखा तो कमरा खुला हुआ था व बक्से भी गायब थे। यह देख उनके होश उड़ गए। जीने का दरवाजा खुला होने से छत पर जाकर देखा तो बक्सा खुला पड़ा था। दूसरे बक्से की तलाश में परिजन आगे बढ़े तो गोवर्धन पासी के खेत में दूसरा बक्सा खुला पड़ा मिला। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित मुन्नर ने बताया कि एक बक्से में लगभग दो लाख रुपये के जेवर थे, चोर वह उठा ले गए। इसके अलावा कुछ कपड़े ले गए हैं। एसओ धर्म प्रकाश शुक्ला ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।