वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के कई थानों की पुलिस ने एक साथ अभियान चलाया। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर पांच वाहन चोरों को गिरफ्तार किया जबकि तीन भाग निकले। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के दो लोडर और तीन बाइक बरामद की है।
शहर व आसपास के इलाकों में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर पुलिस ने होमवर्क कर अभियान चलाया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मगरवारा पुलिस चौकी इंचार्ज बलराम सिंह यादव ने रविवार रात गलगलहा गांव के मार्ग पर विद्युत वितरण खंड कार्यालय के पास कुछ लोगों के चोरी के वाहनों के साथ खड़े होने की जानकारी मिली। सूचना पर उन्होंने टीम के साथ घेराबंदी कर वाहन चोर मसवासी गांव निवासी विमल रैदास और चौरा गांव निवासी भईयालाल को चोरी की तीन बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि गिरोह के दो सदस्य अकरमपुर निवासी आकाश और अजगैन का लखन अंधेरे में भाग निकले। चौकी प्रभारी ने बताया कि फरार हुए वाहन चोरों को दो दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं हसनगंज थाना पुलिस ने सराय निवासी राजकुमार के घर के बाहर से 8 जनवरी की रात लोडर चोरी की घटना में रविवार रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मल्झा गांव के जंगल में छापा मारा। पुलिस ने घेराबंदी करके सुंदरलाल निवासी सुल्तानपुर थाना इटोजा लखनऊ, मो. अकरम निवासी मोहल्ला डालीगंज लखनऊ और विजय सिंह कोराईया कोतवाली लखीमपुर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि पिंटू मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए तीनों युवक शातिर वाहन चोर हैं उनके पास से दो लोडर बरामद किए हैं।