उन्नाव। जिले के अलग-अलग ब्लॉकों में डिप्थीरिया के पांच और संक्रमित मरीज मिले हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिले में अब तक इस बीमारी के 48 मरीज मिले हैं। इनमें आठ की मौत हो चुकी है। मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में डिप्थीरिया संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। बुधवार को असोहा क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी कल्लू (5) पुत्र वीरेंद्र के गले में दर्द होने पर जांच कराई गई तो उसमें डिप्थीरिया की पुष्टि हुई। गांव की अंजली (8) पुत्री रामअवध भी इसी बीमारी से पीड़ित मिली है। हिलौली ब्लॉक के बलहिदाखेड़ा में पलक (8) पुत्री सुनील और नवाबगंज के केवाना की रुचि (10) पुत्री रामनिहारे के साथ सिकंदरपुर कर्ण ब्लॉक के करौंदी गांव निवासी तान्या (डेढ़ साल) पुत्री दिलीप यादव में डिप्थीरिया की पुष्टि होने पर जिला अस्पताल के डिप्थीरिया वार्ड में भर्ती किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक डिप्थीरिया से आठ की मौत और संक्रमिताें की संख्या 48 हो चुकी है।
सीएमओ डाॅ. सत्यप्रकाश ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर लगातार जांच कराई जा रही है। इसके अलावा अधिक से अधिक टीकाकरण पर भी जोर दिया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं।