अचलगंज निवासी गिरजाशंकर के चोरी की घटना के बाद खुली अलमारी दिखाता युवक।
- फोटो : UNNAO
अचलगंज(उन्नाव)। घर में ताला बंदकर परिवार के साथ बेटी की गोदभराई कार्यक्रम में गए किराना व्यापारी को चोरों ने बड़ा झटका दे दिया। घर सुनसान देख मंगलवार रात चोराें ने अलमारी बक्सों का ताला तोड़कर 2 लाख की नगदी और जेवर समेत पांच लाख का माल पार कर दिया। रात दो बजे लौटे परिजन मुख्य दरवाजे का टूटा ताला व अलमारी बक्सों का सामान बिखरा देखकर दंग रहे गए। मोहल्ले के एक घर में लगे सीसीटीवी में पुलिस को वैन से दो लोगों के उतरने की फुटेज मिली है। फुटेज की मदद से पुलिस ने तफ्तीश शुरू की है।
कस्बा निवासी किराना व्यापारी गिरजाशंकर पुत्र रामकुमार की बेटी अमिता की मंगलवार को कानपुर के एक गेस्ट हाउस में गोदभराई थी। शाम 4 बजे करीब घर में ताला बंदकर वह परिवार के साथ कानपुर के लिए निकल गए। रात लगभग दो बजे कार्यक्रम निपटाकर वह घर पहुंचे। मेन दरवाजे का ताला टूटा देख परिवार दंग रह गया। अंदर जाने पर अलमारी बक्सों का सामान बिखरा मिला। पीड़ित किराना व्यापारी ने दो लाख की नगदी व 3 लाख के जेवर पार करने की पुलिस को तहरीर दी। बुधवार सुबह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मोहल्ले की एक दुकान में लगे सीसीटीवी को पुलिस ने खंगाला। जिसमें मंगलवार रात 8.59 बजे एक वैन किराना व्यापारी के घर के बाहर एक वैन के रुकने और उससे दो लोगों के उतरने की तस्वीर सामने आई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की है। एसओ डीपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना में किसी नजदीकी का हाथ होने की आशंका है। शीघ्र चोरी का खुलासा किया जाएगा।
पीड़ित किराना व्यापारी गिरजाशंकर ने बताया कि 16 फरवरी को बेटी की शादी है। शादी के लिए उसने जेवर बनवाकर रखे थे। शादी के लिए ही नगदी भी घर में रखी थी। गनीमत रही कि घर की महिलाएं अपने जेवर पहनकर गई थी। जिससे बड़ा नुकसान नहीं हुआ।