फतेहपुर चौरासी। बिटिया की शादी से ठीक एक दिन पहले गैस सिलिंडर लीकेज से लगी आग ने पिता के अरमानों पर पानी फेर दिया। बरात आने से पहले आग की चपेट में आकर किराना का सामान, गद्दे समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि संकट की इस घड़ी में नाते-रिश्तेदारों के साथ ग्रामीण भी मदद के लिए आगे आए। सभी के सहयोग से नियत समय पर बरात आई और मांगलिक कार्यक्रम पूरे होने के बाद दुल्हन हंसी-खुशी पिया के घर के लिए रवाना हुई।
थाना क्षेत्र के ग्राम जाजामऊ पुराना निवासी किसान राजेश अवस्थी के छह बच्चों में तीसरे नंबर की बेटी क्षमा की शादी सदर कोतवाली के सरोसी में ऋषभ से तय हुई। 12 दिसंबर रविवार को बरात की अगवानी को लेकर घर में तैयारियां जोरों पर चल रहीं थी। घर के बगल में छप्परनुमा बने कमरे में शनिवार को हलवाई मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री तैयार कर रहा था। तभी गैस सिलिंडर लीकेज से आग लग गई।
आग पर काबू पाया जाता तब तक चावल, आटा, तेल, रिफाइंड व मसाले के साथ गद्दे, तखत समेत लगभग एक लाख सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित किसान राजेश अवस्थी ने बताया कि उसने बरात की सारी व्यवस्था कर ली थी। गनीमत रही कि शादी का सामान आग लगने वाले कमरे में नहीं रखा था। लेखपाल विवेक कुमार ने रविवार नुकसान का आंकलन किया है। वहीं
हादसे के बाद राजेश की मदद के लिए उनके दरौली निवासी बहनोई मन्ना शुक्ला, कानपुर भौंती के रहने वाले दामाद मोहित पांडेय के साथ ग्रामीणों में संतोष अग्निहोत्री व लालजी शुक्ला आदि आगे आए। सभी ने मिलकर राजेश को सहारा दिया। जिसके बाद फिर से शादी की तैयारियां शुरू हो गईं। रविवार शाम बरात दरवाजे पर पहुंची तो राजेश ने नुकसान भुलाकर सभी बरातियों का स्वागत किया। फिर द्वारचार के साथ जयमाल व अन्य वैवाहिक रश्में पूरी की गईं।