उन्नाव। एबी नगर में मंगलवार रात मोहल्ला ताबड़तोड़ फायरिंग और बम बाजी में घायल हुए दो युवकों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है। हमले में घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले और बलवा करने की रिपोर्ट दर्ज की है।
महीनों से चली आ रही तनातनी के बाद एक युवक को गोली लगने के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्चस्व को लेकर दो गुटों में कई महीनों से तनातनी चली रही थी। इसे लेकर दोनों गुटों में कई बार फायरिंग और मारपीट भी हो चुकी है। मंगलवार शाम को मोहल्ला तालिब सरांय निवासी मो. फहेद एबी नगर निवासी अपने दोस्त आशीष से मिलने गया था।
इसी दौरान की मोटर साइकिलों पर सवार करीब दर्जन भर युवक फायरिंग करते हुए पहुंचे। इस दौरान एक गोली फहेज के गले में लग गई। हमलावरों ने कई देशी बम भी फेंके जिससे दरोगाबाग मोहल्ला निवासी फहेद का दोस्त अंशू सविता भी घायल हो गया था।
दोस्तों ने दोनों को आनन-फानन जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया था। घटना में घायल फहेद के पिता हमीद अहमद ने माडल विहार कॉलोनी निवासी युवक विनय सिंह, उसके भाई विजय सिंह और पिता जितेंद्र सिंह के अलावा कालेज रोड निवासी मंगल सिंह, किला बाजार के सैफुद्दीन और गौरव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। हालांकि कई महीने से चली आ रही आपसी तनातनी और कई बार मारपीट और गोलीबारी की घटनाओं के बाद भी पुलिस की ओर से अबतक रिपोर्ट दर्ज न किए जाने को लेकर कोतवाली पुलिस की कार्यशैली को लेकर तमाम सवाल उठ रहे हैं।