हरदोई। विद्युत उपकेंद्र कराही के अवर अभियंता को एंटी करप्शन टीम द्वारा पकड़े जाने पर निलंबित कर दिया गया और वितरण खंड प्रथम से संबद्ध कर दिया गया। उनके स्थान पर विद्युत उपकेंद्र महोलिया शिवपार के अवर अभियंता आलोक रावत को विद्युत उपकेंद्र कराही का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं इस मामले में बघौली थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। अवर अभियंता काे एंटी करप्शन थाने भेज दिया गया है।
बघौली थाना क्षेत्र के बम्हनाखेड़ा निवासी मुस्तकीम की ओर से नलकूप कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था। आवेदन के आधार पर अवर अभियंता को सर्वे कर एस्टीमेट बनाना था। शिकायतकर्ता के अनुसार 31 दिसंबर 2025 से उसका आवेदन लंबित है। अवर अभियंता की ओर से एस्टीमेट बनवाने के लिए संविदा कर्मी अवधेश के माध्यम से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। उसने कई बार संपर्क किया तो वह 22 हजार रुपये लेकर एस्टीमेट बनाने को तैयार हुए।
इस पर उसने एंटी करप्शन टीम से शिकायत दर्ज कराई थी। एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को कराही उपकेंद्र पर तैनात जनपद उन्नाव के 885बी आवास विकास कॉलोनी निवासी पवन कुमार वर्मा को 22 हजार रुपये के साथ गिरफ्तार किया था। एंटी करप्शन टीम के टीपी वर्मा की ओर से बघौली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि अवर अभियंता एंटी करप्शन को थाने लखनऊ भेज दिया गया। वहीं इस मामले में विद्युत वितरण खंड हरदोई के अधिशासी अभियंता प्रेम प्रकाश सिंह की ओर से दी गई आख्या के आधार पर अधीक्षण अभियंता राजीव भट्ट ने निलंबित कर दिया और उनको वितरण खंड प्रथम से संबंद्ध कर दिया। उपकेंद्र कराही का अतिरिक्त प्रभार उपकेंद्र महोलिया शिवपार के अवर अभियंता आलोक रावत को दिया गया है।