उन्नाव। रायबरेली में हुए रहस्यमय सड़क हादसे में घायल हुए दुष्कर्म पीड़िता के वकील को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बुधवार को जिला प्रशासन ने पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। यह धनराशि आरटीजीएस के माध्यम वकील की पत्नी के खाते में भेजी गई है।
विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण में दुष्कर्म पीड़िता अपने वकील महेंद्र सिंह, चाची व मौसी के साथ 28 जुलाई को रायबरेली जेल में बंद चाचा से मिलने जा रहे थे। रायबरेली जिले के थाना गुरुबक्शगंज क्षेत्र में ट्रक से हुए रहस्यमय सड़क हादसे में दुष्कर्म पीड़िता की चाची और मौसी की मौत हो गई थी। जबकि पीड़िता व उसके वकील को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। बाद में दोनों को दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह, प्रदेश सरकार को निर्देश दिए थे कि वह वकील महेंद्र सिंह को पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराए। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बुधवार को जिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय ने वकील की पत्नी सीमा देवी के बैंक खाते में आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर कराई। पीड़िता के अधिवक्ता अजेंद्र अवस्थी ने आर्थिक सहायता दिए जाने पर बताया कि इससे घायल वकील व उनके परिवार को कुछ राहत मिलेगी।