लखनऊ। कृष्णानगर के दामोदरनगर में एक महिला सिक्योरिटी गार्ड की हत्या कर दी गई। वारदात उसके प्रेमी के किराए के कमरे में अंजाम दी गई। बंद कमरे से बदबू आने पर शनिवार को जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो जमीन में शव पड़ा मिला। वारदात के बाद से मृतका का प्रेमी लापता है। मृतका के परिजनों ने उसी पर हत्या करने का शक जाहिर करते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस संदिग्ध आरोपी की तलाश में जुटी है।
उन्नाव के सफीपुर के मवईभान गांव निवासी सत्यभामा उर्फ सत्या (24) आलमबाग के एक शॉपिंग मॉल में सिक्योरिटी गार्ड थीं। वह मानकनगर निवासी अपनी बहन नीलम के घर में रहती थीं। 13 नवंबर की सुबह ही वह कृष्णानगर के दामोदरनगर में किराए पर रहने वाले सफीपुर के मवई बभनान गांव निवासी अपने प्रेमी मुमताज के कमरे पर रहने चली गई थीं। 13 नवंबर की शाम से ही सत्यभामा के बारे में परिजनों को कोई जानकारी नहीं थी।
13 नवंबर से ही मुमताज के कमरे में ताला बंद था। कमरे से बदबू आने पर मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों ने शनिवार को पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ताला तोड़ा तो कमरे में बिछी चटाई पर सत्यभामा का शव पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही सत्यभामा के परिजन उन्नाव से आ गए। मगर मुमताज का कुछ पता नहीं चला। सत्यभामा के भाई महेंद्र ने आशंका जताई कि मुमताज ही उनकी बहन की हत्या कर भाग गया है। महेंद्र ने मुमताज के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इसलिए गहराया मुमताज पर शक
परिस्थितिजन्य साक्ष्य मुमताज की ओर ही इशारा कर रहे हैं। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि 13 नवंबर की दोपहर तक मुमताज वहां देखा गया। उसके बाद से वह नहीं दिखा। उसकी अपाचे बाइक भी नहीं दिखी। अंदेशा है कि साजिश के तहत वह वारदात अंजाम देकर भागा है। मुमताज का मोबाइल भी बंद होने से उस पर शक गहरा गया है।
सत्यभामा ने ही दिलाया था किराए का कमरा
पुलिस के मुताबिक सत्यभामा की बहन नीलम पहले इसी मकान में किराए पर रहती थीं। उन्हीं के साथ सत्यभामा भी रहती थीं। इसलिए मकान मालकिन गेंदा देवी से सत्यभामा की पहचान थी। 11 नवंबर को सत्यभामा अपने साथ मुमताज को लेकर वहां पहुंची थीं। अपनी गारंटी पर मुमताज को वहां किराए पर कमरा दिलाया था। सत्यभामा से पहचान होने की वजह से मकान मालकिन ने मुमताज से ज्यादा पूछताछ नहीं की थी। मुमताज ने उनसे कहा था कि दो-तीन दिन में वह आईडी प्रूफ दे देगा। इसके बाद सत्यभामा दीपावली पर गांव चली गई थीं। 13 नवंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे वह घर से निकलकर मुमताज के कमरे पर पहुंची थीं। जिसके बाद वारदात हुई।
गला दबाकर मारने की आशंका
मृतका के शरीर पर कोई जाहिरा चोट नहीं मिली है। ऐसे में गला दबाकर या दम घोंटकर हत्या करने की आशंका है। शनिवार को पोस्टमार्टम होने पर मौत की वजह साफ होगी। डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि तहकीकात की जा रही है। कॉल डिटेल व सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।