उन्नाव। भारतीय किसान मजदूर यूनियन (राष्ट्रवादी) ने निराला प्रेक्षागृह में मंगलवार को बैठक कर नहरों में पानी छोड़ने और जिला का सूखा घोषित कर कर्ज वसूली पर रोक लगाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष किरन सिंह पटेल ने कहा भिखारीपुर पतसिया के दो दबंगों ने रास्ते में दीवार खड़ी कर दी है, जिससे यह रास्ता बंद हो गया। जिला महासचिव श्रवण कुमार पाल ने कहा कि ग्राम कोटरा में भदनी नदी में शासन की ओर से एक पुुल का निर्माण कराया गया था। पुल के रैंप व करीब पचास मीटर कच्ची सड़क को गांव के लोगों ने गिरा दिया है। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने जिला प्रशासन से इन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जिला उपाध्यक्ष रामऔतार ने कहा कि ग्राम भिखारीपुर में किसानों को गांव में पट्टे हुए थे, पर कब्जा अभी तक नहीं मिला। वहीं, कौशल किशोर द्विवेदी ने कहा कि जिले को सूखा घोषित कर किसानों से कर्ज वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। लखनऊ मंडल अध्यक्ष निधि शुक्ला ने कहा एक ओर बरसात नहीं हो रही है और दूसरी ओर नहरों में पानी नहीं आ रहा है।
जिससे किसानों की फसल सूख रही है। उन्होंने नहरों में पानी छोड़ने की मांग की। इस दौरान बीरेंद्र सिंह, सीताराम, शंभू, मलखान, जगदीश, राज बहादुर सिंह,स शिवलाल, हरीराम, लालता , बनवारी, श्रीपाल, राजेश कुमार, शिवनायक सिंह, तेजा सिंह, कैलाश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।