उन्नाव। दरबारीखेड़ा गांव में किसान का शव घर के पीछे पेड़ में रस्सी के फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सदर कोतवाली के दरबारीखेड़ा गांव निवासी कैलाश राजपूत (40) खेती कर परिवार का पालन पोषण करते थे। मंगलवार देर शाम पत्नी लक्ष्मी और परिवार के अन्य सदस्यों से कहासुनी के बाद वह घर से बिना बताए निकल गए।
करीब एक घंटे बाद उनका शव घर के पीछे जामुन के पेड़ में फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मगरवारा चौकी इंचार्ज इंद्रदेव उपाध्याय पहुंचे और जांच की। पारिवारिक कलह की बात सामने आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।