प्रदेश में सूखा पीड़ितों के लिए केंद्र सरकार द्वारा भेजा गया 28 सौ करोड़ रुपया प्रदेश सरकार ने किसानों को न देकर हजम कर लिया है। प्रदेश सरकार ने सूखा पीड़ितों को उनका अधिकार न देते हुए उनके साथ छलावा किया है।
यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेई ने कहीं। वह शनिवार को फतेहपुर चौरासी स्थित कबूलपुर गांव के प्रधान राजेंद्र मिश्रा घर आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सूबे की सरकार विकास की योजनाओं में पूरी तरह से फेल हो गई है। उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय फतेहपुर चौरासी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाने को कहा। कहा कि केंद्र के साथ-साथ पार्टी की सरकार प्रदेशविें भी होगी तभी इसका पूरा लाभ गरीब व किसानों को मिल सकेगा। इस दौरान वह क्षेत्र के जयदेवी सुंदरलाल इंटर कॉलेज भी गए और यहां पर एक कक्ष और शौचालय निर्माण के लिए केंद्र सरकार से मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुंदरलाल लोधी, प्रभानशंकर दीक्षित, रामचंद्र वर्मा, अवधेश सिंह, कृपाशंकर अवस्थी, श्रवण त्रिपाठी, विवेक पांडेय आदि उपस्थित रहे।