बिछिया(उन्नाव)। कोविड एल वन अस्पताल में भर्ती 10 संक्रमितों के दस दिन पूरे हो जाने पर नई गाइडलाइन के तहत एसीएमओ ने पुष्प वर्षा कर विदाई दी। सभी से 14 दिन घर पर क्वारंटीन रहने को कहा गया है।
उन्नाव के राजेपुर की एक महिला, सिकंदरपुर करन ब्लॉक के गांव मानपुर की एक महिला व एक पुरुष, उन्नाव मेडिकल सेंटर का एक युवक, उन्नाव राज हॉस्पिटल की एक महिला व दो युवक, उन्नाव पुलिस लाइन का एक पुलिस कर्मी, उन्नाव के हरिचंद्रपुर की एक महिला व शुक्लागंज आर्यनगर का एक युवक के शनिवार को दस दिन पूरे होने पर नई गाइडलाइन के तहत बिना दूसरी जांच के डिस्चार्ज कर दिया गया। एसीएमओ डॉ. एके रावत, कोविड टीम लीडर डॉ. दीपक वर्मा व डॉ. आरती बाला सहित पैरा मेडिकल स्टॉफ ने स्वास्थ्य प्रमाणपत्र देकर विदाई की। इस अस्पताल से अब तक 138 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। 28 का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बैरिकेडिंग कर दो रास्तों को किया गया बंद
बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार गढ़ी मोहल्ले में 48 वर्षीय महिला के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर सीएचसी अधीक्षक ने महिला के परिवार के 10 सदस्यों को आइसोलेट कराया है। वहीं, सफ ीपुर विधायक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मोहल्ला सराय के लोग दहशत में हैं। शनिवार को उनके माता-पिता सहित संपर्क में 40 लोगों के सैंपल पूल सैंपलिंग में लिए गए। दोनों मोहल्लों को सैनिटाइज कराकर चूने का छिड़काव कराया गया। बैरिकेडिंग कर रास्तों को बंद कर दिया गया है।