आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर कलक्ट्रेट के निकट धरना प्रदर्शन करता परिवार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज की पर गिरफ्तारी नहीं की। पीड़ित परिवार ने गुरुवार को कलक्ट्रेट के पास धरना देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद एएसपी को कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपा।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के कांटा गुलजारपुर गांव निवासी बिट्टो पत्नी मुनारी गुरुवार सुबह परिवार की महिलाओं के साथ कलक्ट्रेट के पास धरने पर बैठ गई। उसका आरोप है कि 22 अक्टूबर को मोहल्ले के नवियार, सफियार, तौसीफ, सुफीन और सुहैल ने बाइक चढ़ाने लिए चबूतरे के पास पत्थर रखने पर घर में घुसकर उससे व परिवार की अन्य महिलाओं से मारपीट की थी। पुलिस ने उसकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया पर किसी की गिरफ्तारी नहीं की।
पुलिस की ओर मिली छूट पर आरोपी सफियार अपने भाई नबियार व अन्य साथियों के साथ 26 अक्तूबर की रात 12 बजे घर में घुस आया और केस वापस लेने की धमकी देने लगा। विरोध पर सभी ने उसे व घर की अन्य महिलाओं को बेरहमी से पीटा। बिट्टो का आरोप है कि हत्या की नीयत से उसने फायर भी किया पर वह किसी तरह बच निकली। शोर मचाने पर मोहल्ले के लोगों को आता देख आरोपी जान की धमकी देकर भाग निकले। दोपहर बाद परिवार के लोगों ने एएसपी विनोद कुमार पांडेय को उनके कार्यालय में ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। एएसपी ने बताया कि कोतवाल बांगरमऊ को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।