पाटन(उन्नाव)। कानपुर में कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला के तीन महीने मायके रुकने की जानकारी के बाद बुधवार को जिले से स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची। एंबुलेंस देखकर परिवारीजन माता-पिता सहित चार लोग मौके से भाग निकले। टीम में शामिल स्वास्थ्य कर्मियों ने उसके दो भाइयों को लाकर जिला अस्पताल में आइसोलेट कराया है। अन्य परिजनों की तलाश में करीब तीन घंटे एंबुलेंस घर के बाहर खड़ी रही।
बीघापुर तहसील के गांव खरझारा निवासी गर्भवती महिला तीन महीने से मायके में रह रही थी। 19 अप्रैल को वह पति के साथ ससुराल कानपुर गई थी। महिला के गर्भवती होने से उसने 1 मई को अपनी सभी जांच कराने के साथ कोरोना की भी जांच कराई थी। जिसमें कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। कानपुर सीएमओ ने उन्नाव सीएमओ को महिला की रिपोर्ट भेजी थी। बुधवार को एहतियात के तौर पर जिले से स्वास्थ्य टीम महिला के मायके पहुंची।
एंबुलेंस को देखकर कोरोना पॉजिटिव मिली महिला के माता-पिता व भौजाई मौके से भाग निकलीं। वहीं दो भाइयों को स्वास्थ्य टीम ने एंबुलेंस में बिठा लिया। करीब तीन घंटे एंबुलेंस वहां खड़ी रही लेकिन उन लोगों के न मिलने पर दोनों भाइयों को लेकर वापस लौट आई। सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़िता के 6 परिवारी सदस्यों को लाना था लेकिन अन्य लोग भाग निकले। दो भाइयों को लाकर आइसोलेट कराया गया है।