फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक्सप्रेसवे : काम पूरा होने से पहले ही फर्राटा भरने लगे वाहन, हो रहे हादसे

Fri, 16 May 2025 12:41 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, उन्नाव
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्नाव। कानपुर-लखनऊ के बीच बन रहे एलिवेटेड एक्सप्रेसवे (एनई-6) निर्माण अभी चल रहा है लेकिन लोगों ने अभी से वाहन दौड़ाने शुरू कर दिए हैं। इससे हादसे हो रहे हैं। निर्माण एजेंसी पीएनसी ने निर्माणाधीन एक्सप्रेसवे पर वाहन जाने से रोकने की बात कही है। हालांकि 13 मई की रात एक बाइक सवार की एक्सप्रेसवे पर मौत हो चुकी है।
विज्ञापन

कानपुर-लखनऊ के बीच बन रहे एलिवेटेड एक्सप्रेसवे कुल लंबाई 62.3 किलोमीटर है। इसमें 45.3 किलोमीटर हिस्सा उन्नाव में है। 2022 में इसका निर्माण शुरू हुआ था। निर्माण एजेंसी पीएनसी का दावा है कि 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। इसे वाहनों को 120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार के अनुसार डिजाइन किया गया है। हादसों के खतरे को देखते हुए इस पर दो और तीन पहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। हैरानी की बात यह है कि निर्माण पूरा होने से पहले ही इस पर बाइक, लोडर, ऑटो और ई-रिक्शा फर्राटा भरने लगे हैं। अधूरे और असुरक्षित होने के बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लखनऊ-कानपुर हाईवे से अचलगंज की ओर जाने वाले वाहन बदरका होकर 10 किलोमीटर और रायबरेली हाईवे से 15 किलोमीटर की दूरी से बचने के लिए आजाद मार्ग चौराहा के पास बने जंक्शन से एक्सप्रेसवे पर पहुंच जाते हैं और अचलगंज, कोरारी के पास दूसरे जंक्शन से रायबरेली हाईवे पर उतर जाते हैं। करीब एक महीने से दर्जन भर से अधिक हादसे हो चुके हैं। यही लापरवाही मंगलवार रात अचलगंज के उम्मेदखेड़ा निवासी मंगू (42) की मौत की वजह बन गई। वह 13 मई की रात करीब 10 बजे एक्सप्रेसवे के रास्ते कानपुर से लौट रहा था। कोरारी के पास उसकी बाइक फिसल गई। वह रात भर घायल पड़ा रहा। सुबह करीब छह बजे पीएनसी के कर्मचारियों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन


वाहन सवारों को रोकने के लिए उठाएंगे जरूरी कदम
एक्सप्रेसवे का 10 फीसदी ही काम बाकी है, उसे तेजी से पूरा किया जा रहा है। नेवरना में ओवरब्रिज का काम चल रहा है। सुरक्षा के लिए मार्ग प्रकाश, संकेतक, कंटीले तार की बाड़, स्टील ग्रिल, साइन बोर्ड और रोड साइन के काम चल रहे हैं। इस एक्सप्रेसवे पर दो और तीन पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। वैसे भी अभी इसे यातायात के लिए नहीं खोला गया है। फिर भी वाहन चल रहे हैं तो गंभीर मामला है। इसे दिखवाया जाएगा और वाहन न चलें इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
- उदित जैन, प्रोजेक्ट मैनेजर, पीएनसी

बैरियर लगाकर रोके जाएंगे वाहन
एनई-6 का काम पूरा होने से पहले ही वाहनों का आवागमन शुरू होना खतरनाक है। अभी सुरक्षा इंतजाम भी पूरे नहीं हैं। निर्माण एजेंसी को वाहनों का आवागमन रोकने के लिए कहा जाएगा। साथ ही जिन जंक्शन प्वाइंट से वाहन इस एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहे हैं, उन स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों पर रोक लगाने के निर्देश, निर्माण एजेंसी को दिए हैं। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई भी की जाएगी।
विज्ञापन

- सौरभ चौरसिया, पीडी एनएचएआई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें