उन्नाव। फैजाबाद इंटरसिटी उन्नाव रेलवे स्टेशन से जैसे ही कुछ दूर चली, अचानक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। काफी देर तक ड्राइवर ने अपने स्तर से सुधार का प्रयास किया जब ट्रेन नहीं चली तो उसे बैक गियर से वापस कर स्टेशन पर खड़ा कर दिया।
ट्रेन में बैठे यात्री दूसरी ट्रेन से कानपुर गए। लगभग दो घंटे बाद सोनिक स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी का इंजन लगाकर कानपुर ट्रेन रवाना हुई।
फैजाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस लखनऊ से उन्नाव स्टेशन पर लगभग ग्यारह बजे पहुंची। कुछ देर रुकने के बाद जैसे ट्रेन कचहरी क्रासिंग पर पहुंची तो ट्रेन के इंजन ने कार्य करना बंद कर दिया। काफी देर तक चालक ने अपने स्तर से इंजन की खराबी को दूर करने की कोशिश की परंतु ठीक नहीं हुई तो उन्होंने इसकी सूचना उन्नाव स्टेशन मास्टर और उच्चाधिकारियों को दी।
इधर, बीच क्रासिंग पर ट्रेन खड़ी होने से जाम की स्थिति बन गई। ड्राइवर ने किसी तरह से बैक गियर को ठीक किया और ट्रेन को वापस रेलवे स्टेशन पर खड़ी कर दिया। स्टेशन पर भी ड्राइवरों ने अपने स्तर से इंजन में आई खराबी को दूर करने का प्रयास किया परंतु इंजन ठीक नहीं हुआ।
यात्री ट्रेन से उतर कर प्लेटफार्म पर खड़े होकर कानपुर की ओर जाने वाली ट्रेनों के विषय में पूछतांछ कार्यालय से जानकारी करते रहे। इसी बीच रायबरेली पैसेंजर उन्नाव रेलवे स्टेशन पर आई गई और यात्री कानपुर की ओर रवाना हुए। लगभग दो घंटे बाद मालगाड़ी का इंजन लगाकर उसे कानपुर की ओर रवाना किया गया।
स्टेशन अधीक्षक विश्राम ने बताया कि सोनिक में खड़ी मालगाड़ी का इंजन लगाकर फैजाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस को कानपुर की ओर रवाना किया गया।