छोटा चौराहा से अताउल्ला नाला के बीच चौड़ीकरण के लिए अवैध निर्माण तोड़ने का काम चार दिन में पूरा हो गया। रविवार को जद में आने वाली कई इमारतों के चिन्हित हिस्से में आने वाले हिस्से की पैमाइश करके बाकी बच रही दीवारों और पिलरों को छांटने का काम जारी रहा। चौड़े किए गए इस रास्ते में अब सड़क और नाली के साथ डिवाइडर भी बनेगा। डिवाइडर का निर्माण सड़क की चौड़ाई कम होने से बच रही रकम से कराया जाएगा। सड़क का 11-11 मीटर का टेंडर निकलने के बाद इसकी चौड़ाई घटाकर 9-9 मीटर कम कर दी गई थी।
ध्वस्तीकरण के बाद अब छोटा चौराहा से अताउल्ला नाला के बीच सड़क निर्माण का खाका यूडीए अधिकारियों ने बनाना शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन की ओर से रोड के बीच से दोनों ओर 11-11 मीटर चौड़ीकरण करने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद व्यापारियों की मांग को देखते हुए डीएम ने इसे 9-9 मीटर कर दिया था। यहां पर रोड बनाने की जिम्मेदारी उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण (यूडीए) को दिया गया है। यूडीए अधिकारियों ने रोड निर्माण के लिए 11-11 मीटर का टेंडर भी निकलवा लिया था और इसके लिए काम नाला निर्माण के साथ ही शुरू कर दिया गया था। लेकिन सड़क की चौड़ाई कम होने के बाद अब यूडीए ने इससे बचने वाली राशि को रोड के बीच में डिवाइडर बनाने में खर्च करने की योजना बनाई है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अब छोटा चौराहा से अताउल्ला नाला के बीच सड़क व नाली के अलावा डिवाइडर का काम भी करवाया जाएगा। इसके बाद अगर धनराशि बचती है तो इससे अन्य कार्य में लगाया जाएगा।
इनसेट
मलबा हथियाने को अफसरों में तकरार
तोड़ी गई 85 इमारतों का मलबा हथियाने को लेकर शनिवार रात पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारी आमने-सामने हो गए। पुलिस विभाग के एक अधिकारी ने मलबा पुलिस लाइन में डंप करने की बात कही तो एक प्रशासनिक अधिकारी ने विरोध कर दिया। उनका कहना था कि सारा मलबा बैंक मैदान में एकत्र किया जाएगा जसे बाद में नीलाम किया जाएगा। इसपर पुलिस के लोगों ने दो दिन सैकड़ों डंपर मलबा बेंच लिए जाने का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर मामला उच्चाधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने सारा मलबा नगर पालिका की देखरेख में बैंक मैदान में एकत्र करने के निर्देश दिए। मलबा चोरी छिपे बेंच लिए जाने का आरोप लगने के बाद रविवार को उच्चाधिकारी ने मलबा की ढुलाई में लगी चार डंपरों के साथ 4 लेखपाल छोटा चौराहा पर और 4 लेखपाल बैंक मैदान में तैनात किए। हर चक्कर में लेखपाल डंपर चालक को एक पर्ची देता और उसका मिलान मलबा उतारने के दौरान किया जाता रहा।
इनसेट
46 लाख का हुआ है टेंडर
छोटा चौराहा से अताउल्ला नाला तक सड़क बनाने के लिए यूडीए की अवस्थापना निधि से 46 लाख का खर्च किया जाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने पहले ही टेंडर भी डलवा दिए थे। अब रोड सफाई होने के बाद सड़क निर्माण का काम होना है।
इनसेट
बचने वाली रकम से बनवाएंगे डिवाइडर
पहले सड़की चौड़ाई 22 मीटर थी। अब इसे घटाकर 18 मीटर कर दिया गया है। इस कारण करीब 4 मीटर की चौड़ाई की राशि को डिवाइडर बनवाने और अन्य कार्यों में खर्च करवाया जाएगा। सबसे पहले एक-दो दिनों में सड़क सफाई और फिर इसके निर्माण का काम शुरू होगा। राजेश्वर सिंह, सहायक अभियंता-यूडीए।