पत्नी व बेटे की करंट से मौत होने के बाद बिलखता रामखेलावन व अन्य परिजन।
- फोटो : UNNAO
आसीवन(उन्नाव)। घर के बाहर विद्युत पोल में करंट उतरने से उसकी चपेट में आए बच्चे को बचाने में मां भी चपेट में आ गई। परिजनों व ग्रामीणों ने लाठी-डंडों की मदद से दोनों को किसी तरह छुड़ाया। आनन-फानन दोनों को मियागंज सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर दी है।
आसीवन थानाक्षेत्र के ग्राम मखदूमपुर शाह सफ ी के मजरा देवसापुर गांव निवासी रामखेलावन रविवार को अपनी ससुराल मिट्ठूखेड़ा, ससुर राजेंद्र के यहां आम देने गया था। घर पर पत्नी मालती (35) व बेटा अंशु व अन्य बच्चे घर पर थे। दोपहर करीब 1:30 बजे अंशु घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसने घर के बाहर लगा विद्युत पोल व उसमें लगा लोहे का तार (सपोर्ट वायर) पकड़ लिया। पोल में करंट होने से वह चिपक गया। बेटे की चीख सुनकर मां मालती भागकर पहुंची और उसे खींचकर पोल से अलग करने का प्रयास किया। इससे वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गई। मां-बेटे की चीख-पुकार सुनकर पास में रहने वाले परिवार के अन्य लोग व ग्रामीण पहुंच गए। दोनों को लाठी-डंडे की सहायता से पोल से अलग किया। गंभीर रूप से झुलसे मां-बेटे को सीएचसी मियागंज ले गए। जहां डॉ. शोएब अली ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रामखेलावन वापस आया और पत्नी व बेटे की मौत से बेहाल हो गया। पुलिस को दी गई तहरीर में विद्युत विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आसीवन थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि मां-बेटे के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। घटना की जांच जारी है।
तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था अंशु
मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़ा अंकुर (14), छोटा सूरज (7) और बहन शिवानी (5) है। अंशु गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। पिता बटाई पर खेती व हलवाई का काम करता है। घटना के समय बहन शिवानी घर पर थी। उसी ने भाई व मां को तड़पता देख कर पड़ोसियों को बुलाया था। पत्नी व पुत्र की मौत की खबर सुनकर पिता बेसुध हो गया।