प्रदेश सरकार के ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा ने कहा कि अब गांवों को भी हर हाल में शाम के सात से सुबह पांच बजे तक बिजली मिलेगी। साथ ही सप्लाई के दौरान होने वाली फाल्टों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कराए जाने के लिए टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिसका 24 घंटे के अंदर हल कराया जाएगा।
ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा सोमवार सुबह नवाबगंज ब्लाक के मदारीगढ़ी गांव पहुंचे और दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना का शुभारंभ किया। आशाखेड़ा के बाबागंज, मदारीगढ़ी व मजरा बाबाखेड़ा, मिश्रापुर में विद्युतीकरण का लोकार्पण भी किया। उन्होंने मदारीगढ़ी निवासी सविता के घर पर नया कनेक्शन देकर आपूर्ति शुरू कराई। इन गांवों में अब तक बिजली नहीं थी। विद्युतीकरण होने के बाद से ही हां नए कनेक्शनों के आवेदन भी आना शुरू हो गए। विभाग ने कैंप लगाकर ग्रामीणों को तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराए।
इसमें 26 बीपीएल कार्ड धारकों को मुफ्त कनेक्शन दिए गए, जबकि एपीएल धारकों को 1330 रुपये के कनेक्शन पर 130 रुपये जमा करवाकर 60 लोगों नए कनेक्शन दिए गए। बकाया राशि को 100 रुपये मासिक किश्तों पर एक साल में कनेक्शन धारक को जमा करना होगा।
उपभोक्ताओं को जल्द मिलेगी एसएमएस सुविधा
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जल्द ही विभाग एसएमएस सुविधा शुरू करने जा रहा है। जिसमें दो घंटे से अधिक लाइट ट्रिप करने पर विभागीय अधिकारी एसएमएस के माध्यम से उपभोक्ताओं को बिजली जाने की जानकारी देंगे व कितने समय तक आपूर्ति बहाल होगी यह भी बताएंगे। उपभोक्ता विभाग के टोल फ्री नंबर 1912 पर फोन करके अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिसका 24 घंटे के अंदर हल कराया जाएगा।
शाम 7 से सुबह 5 तक गांव में कटौती नहीं
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में रात की कटौती की प्रथा को समाप्त कर दिया गया है। विभागीय अफसरों को निर्देशित किया गया है कि शाम के 7 से सुबह 5 बजे तक हर हाल में ग्रामीणों को बिजली दी जाए।
ऊर्जा मंत्री का किया स्वागत
उन्नाव। आशाखेड़ा में ऊर्जामंत्री श्रीकांत शर्मा का सदर विधायक पंकज गुप्ता ने प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। विधायक ने उन्हें जिले की विद्युत व्यवस्था से अवगत कराया। इस पर मंत्री ने आने वाले दिनों में विद्युत व्यवस्था बेहतर होने की बात कही। उन्होंने बताया कि इसको लेकर सरकार वृहद स्तर पर तैयारी कर रही है। पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से हर गांव तक बिजली पहुंचाने का काम जारी है।