विधानसभा निर्वाचन-2017 के तीसरे चरण में 19 फरवरी को जिले में मतदान होगा। इसके लिए 24 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी जो 31 जनवरी तक चलेगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि तीन फरवरी होगी। मतगणना 11 मार्च को होगी। यह जानकारी डीएम सुरेंद्र सिंह, एसपी नेहा पांडेय व सीडीओ संजीव सिंह ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान दी। कलक्ट्रेट के पन्नालाल हाल में बातचीत के दौरान डीएम ने बताया कि चुनाव तिथियों की घोषणा के बाद ही आचार संहिता लागू हो गई है। अब बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के रैली, मीटिंग नहीं होगी। अनुमति देने के लिए अधिकारी नामित कर दिए गए हैं। कोई भी खुलेआम शस्त्र लेकर नहीं चलेगा। लाइसेंस धारकों का सत्यापन किया जाएगा। जिनके ऊपर आपराधिक मामले होंगे उनके लाइसेंस जमा कराए जाएंगे।
72 घंटे में हट जाएंगे बैनर, पोस्टर
उन्नाव। डीएम ने बताया कि आचार संहिता लग जाने के बाद से पहले चरण में सरकारी कार्यालयों में लगे पोस्टर व बैनर हटवाए जा रहे हैं। 48 घंटे के अंदर सरकारी संपत्तियों और 72 घंटे में प्राइवेट प्रापर्टी पर लगे बैनर व पोस्टर हटवाए जाएंगे। सड़क, कार्यालय, टेलीफोन व बिजली के खंभों आदि पर भी बैनर, पोस्टर नहीं दिखेंगे। आचार संहिता लागू होने के बाद कोई नई घोषणाएं नहीं होंगी। भड़काऊ भाषा, सांप्रदायिक भेदभाव या प्रत्याशियों की ओर से एक दूसरे पर गलत या अभद्र भाषा का प्रयोग करना भी आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा। वाहनों में बिना परमिट के स्टीकर, फ्लैग व लाउडस्पीकर प्रतिबंधित रहेंगे। पोस्टर, बैनर आदि पर प्रिंटर/वेंडर को अपना नाम, पता और मोबाइल नंबर भी अंकित करना होगा।
पोलिंग बूथों पर दुरुस्त की जा रही सुविधाएं
पोलिंग बूथ पर शौचालय, हैंडपंप व विकलांगों के लिए रैप के साथ प्रकाश की भी व्यवस्था कराई जाएगी। डीएम ने दावा किया कि अधिकांश बूथों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करा दी गई हैं। जिन बूथों में अभी व्यवस्था नहीं हो पाई है वहां पर चुनाव से पूर्व बिजली, पानी व शौचालय की समस्या को दूर कर दिया जाएगा। मतदान केंद्र पर निर्वाचकों के लिए प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। डीएम ने बताया नामांकन तक व्यक्ति अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करा सकेगा।
28 लाख खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी
चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्येक प्रत्याशी की खर्च सीमा 28 लाख रुपये तय की है। 20 हजार से ऊपर के चुनाव खर्च का भुगतान चेक से करना होगा। कामर्शियल वाहन पर किसी प्रकार के बैनर, स्टीकर मान्य नहीं होंगे। नामिनेशन के दौरान उम्मीदवार तीन वाहन ले जा सकेगा। बस्ते का खर्च भी उम्मीदवार के खाते में ही जुड़ेगा।
इस बार आयोग ने एक डिजाइन किया
जिलाधिकारी ने बताया कि इस बार का विधानसभा चुनाव काफी तकनीकि वाला होगा। उनके मुताबिक, चुनाव से संबंधित हर बिंदु के लिए आयोग ने इस बार एक एप डिजाइन किया है। राजनीति से जुड़े लोगों के लिए सुविधा और शिकायत को एक अलग एप तैयार किया गया है। इसके लिए 1950 एक हेल्प लाइन नंबर भी जारी हुआ है। कलक्ट्रेट में खुला कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा।
18 फ्लाइंग स्काट टीम ने शुरू किया काम
चुनाव पर नजर रखने के लिए 18 फ्लाइंग स्काट टीमों का गठन किया गया है। आचार संहिता लागू होते ही इन टीमों ने काम करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा छह वीडियो सर्विलांस टीम व इतनी ही एकाउंटिंग टीम भी गठित कर दी गई हैं। सभी पोलिंग बूथों का डिजिटल मैप तैयार किया गया है। चुनाव के लिए 22840 कार्मिकों की फीडिंग की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से 27 इंस्पेक्टर, 166 उपनिरीक्षक, 853 हेड कांस्टेबिल, 6488 कांस्टेबिल, 6788 होमगार्ड, 13 कंपनी पीएसी व 91 सीएपीएफ लगाई जाएगी।
वोटिंग प्रतिशत 75 पहुंचाने का लक्ष्य
वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में जिले का वोटिंग प्रतिशत 59.51 था। सबसे ज्यादा वोटिंग प्रतिशत मोहान विधानसभा का रहा था। यहां 64.37 प्रतिशत मतदान हुआ था। सबसे कम प्रतिशत भगवंतनगर विधानसभा का था। यहां पर महज 57.46 प्रतिशत लोगों ने ही बूथ पर जाकर मतदान किया था। इस बार प्रशासन ने वोटिंग प्रतिशत 75 पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।
एक नजर में
विधानसभा चुनाव-2017
कुल मतदाता-21,74,266
पुरुष-12,01,355
महिला-9,72,824
अन्य (मंगलामुखी)-87
165 विधानसभा सदर (उन्नाव)
कुल मतदाता-3,82,748
पुरुष-211428
महिला-171295
अन्य (मंगलामुखी)-25
मतदेयस्थल-372
162 विधानसभा बांगरमऊ
कुल मतदाता-3,34,216
पुरुष-1,85,542
महिला-1,48,656
अन्य-18
मतदेयस्थल-347
163 विधानसभा सफीपुर
कुल मतदाता-327272
पुरुष-183997
महिला-143270
अन्य-5
मतदेयस्थल-360
164 विधानसभा मोहान
कुल मतदाता-321253
पुरुष-177454
महिला-143787
अन्य-12
मतदेयस्थल-351
166 विधानसभा भगवंतनगर
कुल मतदाता-417135
पुरुष-226572
महिला-190556
अन्य-7
मतदेयस्थल-449
167 विधानसभा पुरवा
कुल मतदाता-391642
पुरुष-216362
महिला-175260
अन्य-20
मतदेयस्थल-424