ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के गांव बिलंदपुर बिधनू में पिता पुत्र के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद की ग?
- फोटो : UNNAO
चकलवंशी(उन्नाव)। ब्लॉक सिकंदरपुर सरोसी के गांव बिलंदपुर बिधनू में पिता-पुत्र के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद आठ रास्तों पर बैरिकेडिंग कर 4 हजार आबादी को होम क्वारंटीन किया गया है।
बिलंदपुर बिधनू निवासी वृद्ध की कानपुर हैलट में उपचार के दौरान रिपोर्ट कोरोना संक्रमित मिली थी। इसके बाद 21 जून को स्वास्थ्य टीम ने उसके बेटे-बहू और दो पोतों को भी आइसोलेट कराया था और सैंपल जांच के लिए भेजा था। 22 जून को 40 वर्षीय बेटे की भी रिपोर्ट संक्रमित आने के बाद प्रशासन सतर्क हुआ। गुरुवार को ग्राम सचिव सुनील त्रिवेदी ने पुलिस के साथ मिलकर गांव के आठ रास्तों को सील कर 4 हजार आबादी को होम क्वारंटीन किया है।
पाटन प्रतिनिधि के अनुसार बीघापुर तहसील के ब्लॉक सुमेरपुर के गांव मैनीखेड़ा में बुधवार को मां-बेटे की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई थी। इसके बाद सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी टीम के साथ गांव पहुंचे और संक्रमित के संपर्क में आने वाले 20 लोगों को आइसोलेट कराया है। वहीं, एसडीएम दयाशंकर पाठक बिहार एसओ संतोष सिंह व बारासगवर एसओ हरप्रसाद अहरिवार भी गांव पहुंचे। हॉटस्पॉट घोषित कर तीन रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आने-जाने के रास्ते बंद कर दिए हैं। प्रत्येक बैरिकेडिंग पर दो सिपाहियाें की तैनाती की गई है।