पुलिस ने चोरी, लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह के आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग तीन लाख कीमत के जेवरात व तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्त में आया अंतर्जनपदीय गिरोह पिछले कई महीनों से वारदातों को अंजाम दे रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने एक साल पहले कानपुर शिवली में शादी वाले घर में डकैती के अलावा चोरी की चार वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। प्रेसवार्ता में एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि हाल के दिनों में शहर में हुई लूट और चोरी की कई घटनाएं खुलासे के करीब हैं।
शनिवार रात को मिली एक सूचना पर स्वाट टीम और कोतवाली पुलिस ने हाईवे स्थित एक खंडहरनुमा इमारत की घेरबांदी कर आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार बदमाशों में एक उन्नाव का जबकि सात कानपुर जिले के रहने वाले। पूछताछ में बदमाशों ने दिसंबर 2014 में कानपुर के शिवली थानाक्षेत्र के बैरी सवाई गांव में शादी वाले घर में घुसकर लूटपाट करने और परिवार को मारपीट कर घायल करके लाखों की लूट कबूली है। एसपी नेहा पांडेय ने बताया कि घटना का विरोध करने पर इन बदमाशों ने बाइस साल की दीपिका नाम की युवती के सिर पर डंडा मारकर लहूलुहान कर दिया था। दो दिन बाद उसकी शादी होने वाली थी। उन्होंने बताया कि दीपिका अबतक कोमा में है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों में कानपुर कोयला नगर का रुकसार, सनिगंवा चकेरी का राकेश, मुंशीलाल, जवरील, बकेवर फतेहपुर का सोनू, बीघापुर उन्नाव का अलताफ, घाटमपुर का शमीम और सचेंडी का गुलाम शामिल है। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने शिवली के अलावा शहर की कल्याणीदेवी नई बस्ती, खजुरियाबाग, मौरावां के लोकईयाखेड़ा और गंगाघाट में एक चोरी का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि गिरोह के पास से तीन लाख कीमत के जेवरात भी बरामद हुए हैं।