टैबलेट की ब्लर स्क्रीन दिखाता छात्र वंश। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। मेधावियों को सरकार की ओर से दिए गए टैबलेट उनके काम नहीं आ रहे हैं। कई ऑन नहीं हो रहे हैं तो कई की स्क्रीन ब्लर आ रही है। अब तक 200 छात्रों को टैबलेट दिए जा चुके हैं। 19 छात्र और छात्राएं गड़बड़ी की शिकायतें डीआईओएस कार्यालय में की जा चुकी हैं।
छात्रों को ऑनलाइन पढ़ाई के लिए मुख्यमंत्री टैबलेट वितरण योजना के तहत जिले में हाईस्कूल व इंटर के मेधावी छात्रों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, डिग्री कॉलेज के 200 छात्रों को अभी टैबलेट का वितरण हुआ है। यह टैबलेट काम नहीं कर रहे हैं। नवाबगंज कस्बे में संचालित रेम्स इंटर कॉलेज के कक्षा 11 का छात्र वंश यादव की हाईस्कूल में जिले में चौथी रैंक थी। उसने बताया कि 20 दिसंबर को उसे टैबलेट मिला। कई बार प्रयास करने पर ऑन होता है तो स्क्रीन ब्लर दिखती है। उसने स्कूल प्रधानाचार्य को बताया लेकिन हल नहीं निकला। इस पर डीआईओएस से मिला और लिखित शिकायत की है। वंश की तरह 19 छात्र शिकायत दर्ज करा चुके हैं। डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि छात्र ने लिखित प्रार्थनापत्र दिया है। खराब टैबलेट ठीक कराए जाएंगे। इसके बाद भी समस्या हल न हुई तो बदले जाएंगे।