उन्नाव। स्नातक के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू हो रही हैं। पहली बार विषयवार वस्तुनिष्ठ प्रश्न हल करने के लिए दिए जाएंगे।परीक्षा तीन पालियों में होगी। जिले में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें डीएसएन डिग्री कॉलेज को नोडल केंद्र बनाया गया है।
कोरोना संक्रमण के कारण टलीं छात्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्नातक की वार्षिक परीक्षाएं 16 जुलाई से शुरू हो रही हैं। परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8 से 9:30 बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11 से 12:30 व तीसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो से 3:30 बजे तक होगी। परीक्षा के नोडल अधिकारी विपिन सिंह ने बताया कि स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष के छात्रों के साथ परास्नातक द्वितीय वर्ष के छात्रों की परीक्षा कराई जाएगी। सभी विषयों की परीक्षाएं वस्तुनिष्ठ होंगी। परीक्षा का समय 90 मिनट निर्धारित किया गया है। 100 में 75 प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य होगा। डीएसएन डिग्री कॉलेज में 26, श्रीनारायण गर्ल्स डिग्री कॉलेज में दो व बांगरमऊ के इंदिरा गांधी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तीन कॉलेजों का परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा के दौरान परीक्षार्थी किसी प्रकार की पठन सामग्री, मोबाइल व इलेक्ट्रानिक गैजेट नहीं ले जा सकेंगे। सिर्फ प्रवेश पत्र, काला व नीला बाल पेन ले जाने की अनुमति होगी।