उन्नाव। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार 70,971 परीक्षार्थी शामिल होंगे। पिछले साल की अपेक्षा इस बार 2068 छात्रों की संख्या में इजाफा हुआ है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में छात्रों की अपेक्षा छात्राओं ने कम पंजीकरण कराया है।
मार्च महीने में होने वाली यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया 10 जनवरी से पूरी हो चुकी है। पिछले साल की अपेक्षा इस साल परीक्षा में बैठने वाले छात्रों का ग्राफ बढ़ा है। साल 2020 में हाईस्कूल में 38739 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसमें 20743 छात्र व 17996 छात्राएं शामिल थीं। साल 2021 में 21039 छात्र व 20,023 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं थीं। इंटरमीडिएट में पिछले साल 15595 छात्र व 14569 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुई थीं। इस बार 16,564 छात्र व 14,435 छात्राएं परीक्षा में शामिल होंगी।
कोरोना संक्रमण के चलते कोई भी छात्र पढ़ाई या परीक्षा से वंचित न रह जाए इसके लिए सरकार ने 10 जनवरी तक छात्रों का पंजीकरण अभियान चलाया था। हाईस्कूल में 187 व इंटरमीडिएट में 1017 छात्रों की संख्या बढ़ी है। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में इस बार छात्रों की संख्या बढ़ी है। यह सिर्फ दोबारा पंजीकरण कराने से हुआ है। छात्रों की संख्या माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को भेजी जाएगी। बोर्ड परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है।