उन्नाव। भूकंप की दहशत टीचरों व बच्चों में इस कदर हावी रही कि परिषदीय विद्यालयों में टीचरों ने बच्चों को कक्षाओं से बाहर बरामदे में पढ़ाया। कुछ विद्यालय ऐसे भी रहे जहां टीचरों ने निर्धारित समय से पहले ही बच्चों की छुट्टी कर गेट में ताला लटका दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों के कई प्राइवेट विद्यालय के प्रबंधकों ने स्कूल ही नहीं खोले। मंगलवार को आए भूकंप के झटके के बाद लोग दहशत में हैं। बुधवार को परिषदीय विद्यालयों की स्थिति यह रही कि टीचरों ने बच्चों को कक्षाओं में बैठालकर पढ़ाई नहीं कराई। बच्चों को एमडीएम भी बाहर बैठाकर ही खिलाया गया।
नगर क्षेत्र के डायट कैंपस में संचालित प्राथमिक विद्यालय की इंचार्ज टीचर पूनम शुक्ला ने बताया कि सीएम ने भूकंप को देखते हुए छुट्टी घोषित की थी, लेकिन कोई लिखित आदेश न आने पर छुट्टी नहीं हुई। इसलिए विद्यालय खोलना पड़ा। दहशत के चलते बच्चे भी कम आए हैं। बुधवार को भी दोपहर में भूकंप झटके लगने की खबर थी इसलिए बच्चों को कक्षाओं से निकालकर बरामदे में बैठाया गया है।
नगरक्षेत्र के मोहल्ला आवास-विकास में संचालित प्राथमिक विद्यालय में दोपहर 12 बजे ही ताला लटक रहा था। यहां तैनात टीचर विंधेश्वरी व आयशा निकहत विद्यालय से नदारद थीं। आस-पास के लोगों ने बताया कि यहां तैनात टीचर एक घंटे पहले विद्यालय बंद कर निकली हैं। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों का रहा। विकासखंड सफीपुर व हिलौली व गंजमुरादाबाद क्षेत्र के कई विद्यालय बंद बताए गए।