फोटो नंबर-27- मर्सडीज बेंज कार खरीदने के दौरान अनुराग द्विवेदी का फोटो। स्रोत: सोशल मीडिया
नवाबगंज (उन्नाव)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने जिस यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के खिलाफ कार्रवाई की है वह अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए में आठ साल में फर्श से अर्श पर पहुंच गया। कभी साइकिल से चलने वाला अनुराग महंगी गाड़ियों का शौकीन है। हालांकि गाड़ियां अपनी कंपनी के नाम से खरीदीं। उसने अपने नाम से कोई अचल संपत्ति भी नहीं बनाई।
पांच साल में माता-पिता के नाम करीब 3.5 करोड़ की जमीन खरीदी। इसमें खेत और नवाबगंज में तीन प्लॉट हैं। लखनऊ अंसल सिटी के पास 2018 में मकान लिया, उसमें वह पिता का साझीदार है। जमीनों के कागजात और लखनऊ वाले घर में मिली चारों गाड़ियां ईडी ने कब्जे में ले ली हैं। मालूम हो कि ईडी ने अवैध सट्टेबाजी और ऑनलाइन जुए में लिप्त यूट्यूबर व सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अनुराग द्विवेदी के उन्नाव के नवाबगंज ब्लाॅक के खजूर गांव के पैतृक मकान के अलावा नवाबगंज कस्बा और लखनऊ और दिल्ली सहित दस ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापा मारा था।
लखनऊ स्थित घर में मिलीं चार लग्जरी कार और दस्तावेज, डिजिटल डिवाइस व पिता व चाचा के यहां मिली नकदी व खरीदी गई जमीनों के कागजात जब्त किए थे। ईडी का दावा है कि दस्तावेजों से अनुराग का हवाला के जरिए दुबई सहित अन्य स्थानों में रियल एस्टेट में निवेश का खुलासा हुआ है।
नवाबगंज कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाने वाले व गांव के पूर्व प्रधान रहे पिता लक्ष्मीनाथ द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने पांच साल में करीब 15 बीघा जमीन और नवाबगंज कस्बे में तीन प्लाट खरीदें हैं। जिनकी कीमत करीब साढे तीन करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि ईडी के अधिकारी जमीन के कागजात ले गए हैं। पिता के अनुसार ईडी दवा कंपनी व मेडिकल स्टोर से बिक्री के उनके घर में रखे 13 लाख रुपये और मोबाइल फोन भी ले गई है।
पिता के अनुसार अनुराग के नाम एक बिस्वा भी जमीन नही है। उनके (पिता) व अनुराग के संयुक्त नाम से लखनऊ में अंसल सिटी के पास 2500 वर्ग फीट का एक मकान है वह 2018 से एग्रीमेंट पर है अभी उसका बैनामा नहीं हुआ है। अनुराग को सिर्फ महंगी गाड़ियों का शौक है। यह गाड़ियां भी उसकी डीएसडी स्पोर्ट इंडिया लिमिटेड के नाम की कंपनी के नाम हैं।
अनुराग के पिता ने बताया कि अब तो ईडी के सम्मन का इंतजार है जब भी सम्मन मिलेगा, तो चल, अचल संपत्ति से संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत करेंगे। उनका दावा है कि उन्होंंने व उनके बेटे ने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है। जांच में ईडी का पूरा सहयोग करेंगे।