संवाद न्यूज एजेंसी
सफीपुर। डीसीएम की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान, हादसे के दूसरे दिन मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के जटपुरवा निवासी असलम (30) एक महीने पहले ई रिक्शा लाया था। उसी से वह परिवार का पालन पोषण करता था। गुरुवार सुबह वह घर से निकलकर ई रिक्शा लेकर उन्नाव की ओर जा रहा था। उन्नाव-हरदोई मार्ग कोतवाली क्षेत्र के साल्हेनगर करौंदी के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया था।
चालक असलम को राहगीरों ने सीएचसी भेजा था। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रभारी कोतवाल कल्लूराम यादव ने बताया कि डीसीएम माखी पुलिस के कब्जे में है। चालक भी पकड़ा गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
ट्रक की टक्कर से लोडर चालक घायल
बेहटामुजावर (उन्नाव)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के संडीला रोड अंडरपास के पास ट्रक और लोडर में टक्कर हो गई। लोडर चालक उसी में फंस गया। पुलिस ने राहगीरों की मदद से उसे निकालकर सीएचसी में भर्ती कराया है।
हरदोई जिले के संडीला से मुर्गियों को खिलाने वाला दाना लादकर कानपुर के बिठूर उतारने जा रहे लोडर में संडीला रोड अंडरपास के पास गुरुवार सुबह ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में लोडर चालक हरदोई के संडीला के बरौनी निवासी नीरज (30) उसी में फंस गया। सूचना पर उपनिरीक्षक रोहित पांडेय पहुंचे। राहगीरों की मदद से उसे निकालकर बांगरमऊ सीएचसी में भर्ती कराया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चालक के साथ रहा बेहटामुजावर थानाक्षेत्र के संभरखेड़ा निवासी वीरेंद्र (38) घायल भी हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।