लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर पलटा डंपर और सड़क पर बिखरी मौरंग हटाते श्रमिक।
- फोटो : स्रोत: पुलिस
गंजमुरादाबाद। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ स्थित टोल प्लाजा के पास चालक को झपकी आने से मौरंग लदा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक-खलासी घायल हो गए। सड़क पर मौरंग बिखरने से करीब दो घंटे यातायात प्रभावित रहा।
कानपुर देहात जिले के थाना रसूलाबाद के कुशालपुरवा गांव निवासी चालक सुधीर कुमार (42), साथी खलासी कानपुर नगर के थाना चौबेपुर निवासी विकास (27) के साथ उरई से डंपर में मौरंग लादकर हरदोई के कस्बा मल्लावां जा रहा था। बुधवार सुबह छह बजे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के टोल प्लाजा के पास चालक को अचानक झपकी आने से डंपर डिवाइडर से टकरा कर पलट गया।
घटना में चालक और खलासी घायल हो गए। यूपीडा की स्वास्थ्य टीम ने दोनों का उपचार किया। मौरंग एक्सप्रेसवे पर बिखरने से यूपीडा और पीआरबी ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त डंपर को एक्सप्रेसवे से हटवाया, साथ ही श्रमिकों को लगाकर मौरंग साफ कराई। सुबह 8:30 बजे यातायात पूरी तरह से सामान्य हो पाया।
कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि चालक को झपकी आने से डंपर टोल प्लाजा के पास पलट गया था। डंपर के साथ मौरंग हटवाकर यातायात सामान्य किया गया।