नशेबाज बेटे ने की मां का गला कसने की कोशिश
-शराब पीने के लिए सौ रुपये न देने पर गमछे कसा गला
-ग्रामीण दौड़े तो भाग गया। छोटी बहू ने पहुंचाया सीएचसी
संवाद न्यूज एजेंसी
नवाबगंज। रामपुर गांव में शराब पीने के लिए सौ रुपये न देने पर नशेबाज बेटे ने गमछे से अपनी वृद्ध मां का गला कसने की कोशिश की। पड़ोसी दौड़े तो वह भाग निकला। बेहोश हुई वृद्धा को उनकी छोटी बहू ने सीएचसी में भर्ती कराया है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी मालती पत्नी राजेंद्र सोमवार दोपहर अपनी सास कैलाशा (75) पत्नी साधू को बेहोश हालत में एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी लेकर पहुंचीं। बताया कि उनके जेठ नशे के लती हैं, उनकी शादी भी नहीं हुई है। सोमवार शाम करीब तीन बजे वह सास (अपनी मां) कैलाशा से सौ रुपये मांग रहे थे। शराब पीने के लिए रुपये न देने पर गमछे से मां का गला घोटने की कोशिश की। शोर मचाया तो उसने मां को जमीन पर गिरा दिया, इसी बीच पड़ोसी दौड़े तो वह भाग निकला। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि अभी तक ऐसी घटना की जानकारी नहीं है। तहरीर मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।